Bermo : झारखंड के बेरमो क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी लगातार बढ़ रही है। विधायक सरयू राय ने इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह धंधा संगठित गिरोहों द्वारा संचालित हो रहा है।
पत्र में उन्होंने बताया कि बोकारो जिले के कई क्षेत्रों जैसे पेंक नारायणपुर, नावाडीह, दुग्धा, पेटरवार, बोकारो थर्मल, कथारा और तेनुघाट ओपी में अवैध कोयला कारोबार जारी है। स्थानीय नागरिकों ने ठोस सबूतों के साथ शिकायतें की हैं, लेकिन प्रशासन ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
सरयू राय ने लिखा कि यह अवैध नेटवर्क अब रामगढ़, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग और रांची तक फैला हुआ है। तस्कर पुलिस-प्रशासन को धमकी देते हुए खुलेआम कोयला ढो रहे हैं। बाइक, वैन, ट्रैक्टर और ट्रक के माध्यम से दिन-रात यह कारोबार चल रहा है।
विधायक ने चेताया कि कई फैक्ट्रियां बिना अनुमति संचालित हो रही हैं, जिससे पर्यावरण नियमों का उल्लंघन हो रहा है। खुली जगह पर कोयला जलाने से ग्रामीण कार्बन मोनोऑक्साइड और प्रदूषण के खतरे में हैं।
पत्र में उन्होंने कुछ प्रमुख फैक्ट्रियों का नाम भी लिखा, जिनमें रूबी कोल (चिरुडीह), जगदंबा कोल (पिलपिलो), निषाद कोल (पिछरी, पेटरवार) और पोरदाग व खाकी (गिरिडीह) शामिल हैं। चोरी का कोयला शाम 7 बजे से सुबह 4 बजे तक फैक्ट्रियों में पहुंचाया जाता है।
सरयू राय ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूरे अवैध नेटवर्क पर रोक लगाई जाए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।



