Ranchi: प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू का शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। शनिवार को नए कार्यकारी अध्यक्ष के सम्मान में विशेष समारोह का आयोजन भी होगा।
नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आदित्य साहू एक अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने बूथ स्तर से राजनीति की शुरुआत की और आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। मरांडी ने केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि सांसद के रूप में उनके संसदीय अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ भाजपा को राज्य में अवश्य मिलेगा।
इस मौके पर आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित सभी नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने और राज्य में भाजपा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
आदित्य साहू को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी नेताओं के साथ-साथ राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी शुभकामनाएँ दीं। पूर्व मुख्यमंत्रियों रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपई सोरेन और मधु कोड़ा ने बधाई संदेश भेजा। इसके अलावा डॉ. रविंद्र कुमार राय सहित हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने भी आदित्य साहू को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि साहू के नेतृत्व में झारखंड भाजपा और अधिक सशक्त होगी और संगठन बूथ स्तर तक मजबूत बनेगा।



