Dhanbad : धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में मटकुरिया निवासी 46 वर्षीय सुधीर कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके साथी पांडरपाला निवासी 45 वर्षीय किशोर विश्वकर्मा उर्फ राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा संत निरंकारी चौक के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, सुधीर कुमार और किशोर विश्वकर्मा दोनों दोस्त थे और बरवाअड्डा के अलग-अलग गैरेज में काम करते थे। गुरुवार को काम समाप्त करने के बाद दोनों एक ही बाइक से धनबाद लौट रहे थे। जैसे ही वे संत निरंकारी चौक के पास पहुंचे, एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुधीर कुमार का सिर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी ओर, किशोर विश्वकर्मा का दाहिना पैर बुरी तरह टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए शव और घायल को एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए। इस बीच हादसा कर भाग रहे ट्रक का चालक और खलासी वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और ट्रक तथा बाइक को जब्त कर लिया। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है और फरार चालक-खलासी की तलाश शुरू कर दी गई है।



