14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप के तहत भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होने जा रहा है। इस मुकाबले को लेकर भारत में मतभेद देखने को मिल रहे हैं। कई पूर्व क्रिकेटर, राजनीतिक दल और फैंस मैच का विरोध कर रहे हैं, जबकि BCCI और कुछ फैंस इसे खेल का हिस्सा मान रहे हैं।
IPL चेयरमैन का बयान
मुकाबले से दो दिन पहले IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा, “सरकार ने पाकिस्तान के साथ खेल संबंधों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। ACC और ICC टूर्नामेंट में हमें पाकिस्तान से खेलना ही होगा।”
शिवसेना विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत पर मिसाइलें दागी हैं और आतंक फैलाया है। उन्होंने पूछा कि BCCI उस पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए उत्साहित क्यों है। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी कहा कि भारत-पाकिस्तान के आपसी संबंध बेहतर होने तक क्रिकेट या व्यापार में संपर्क नहीं होना चाहिए।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पंजाब किंग्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें मैच की तारीख, वेन्यू और समय दिया गया था, लेकिन पाकिस्तान का झंडा हटा दिया गया। इस पोस्ट पर फैंस की प्रतिक्रियाएं मिश्रित रही।
सुप्रीम कोर्ट में रोक की मांग नाकाम
सुप्रीम कोर्ट में भारत-पाकिस्तान मैच पर रोक लगाने की मांग की गई थी। न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी और न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई की पीठ ने सुनवाई से इनकार कर दिया और कहा कि यह केवल एक क्रिकेट मैच है।
एशिया कप में संभावित मुकाबले
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच तीन मैच संभावित हैं। पहला मैच 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। लीग स्टेज के बाद सुपर-4 राउंड में दोनों टीमें पहुंचीं तो 21 सितंबर को दूसरा मुकाबला होगा। अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो 28 सितंबर को तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।


