Dhanbad: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो इन दिनों स्वास्थ्यगत समस्याओं से जूझ रहे हैं। बीते दिनों उनके पैर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनके दाहिने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। चिकित्सकों ने तुरंत प्लास्टर कर दिया और कम से कम 15 दिन तक पूर्ण आराम करने की सलाह दी है। फिलहाल उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वे अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
चोट के बाद भी जनता के कार्यों में जुटे रहे विधायक
JLKM के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने जानकारी दी कि करीब एक सप्ताह पहले ही विधायक जयराम महतो के पैर में चोट लगी थी। लेकिन वे जनता की समस्याओं के निराकरण और क्षेत्रीय कार्यों में इतने व्यस्त रहे कि चोट को नजरअंदाज करते रहे। धीरे-धीरे दर्द बढ़ता चला गया और पैर में सूजन आने लगी। जब स्थिति बिगड़ने लगी तो उन्हें धनबाद के अस्पताल में दिखाया गया, जहां जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। 
पिछले एक सप्ताह से अस्वस्थ चल रहे हैं जयराम महतो
बताया जा रहा है कि जयराम महतो बीते एक सप्ताह से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें डॉक्टरों ने कई बार सलाईन भी चढ़ाया था। इसी बीच अब पैर में फ्रैक्चर की खबर सामने आने से समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता बढ़ गई है।
अस्पताल से तस्वीर सामने आते ही समर्थकों में चर्चा
जैसे ही अस्पताल से जयराम महतो की तस्वीर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सामने आई, लोग चौंक गए और तरह-तरह की चर्चाएँ शुरू हो गईं। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
डॉक्टरों का निर्देश – फिलहाल पूर्ण आराम जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि पैर में फ्रैक्चर होने के कारण फिलहाल विधायक को चलने-फिरने से बचना होगा। कम से कम 15 दिनों तक पूर्ण आराम करना आवश्यक है, ताकि हड्डी सही ढंग से जुड़ सके और आगे किसी भी जटिलता से बचा जा सके।



