Khunti: (कर्रा) राजकीयकृत मध्य विद्यालय डेहकेला में बुधवार का दिन एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक एरियल संजय कंडुलना अपने शिक्षण कार्यकाल से सेवानिवृत्त होकर विद्यालय का संपूर्ण प्रभार वरीय शिक्षिका मेरी सिसिलिया हेमरोम को विधिवत रूप से सौंप दिया।
प्रभार सौंपते समय सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्री कंडुलना भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार अब नई प्रभारी शिक्षिका के नेतृत्व में और भी बेहतर ढंग से कार्य करेगा। उन्होंने मेरी सिसिलिया हेमरोम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा – “आप मुझसे अधिक कुशलता से विद्यालय का संचालन करेंगी। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग आपके साथ रहेगा। जब भी मेरी आवश्यकता हो, मैं हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहूंगा।”
इस अवसर पर उपस्थित सेवानिवृत्त शिक्षक श्याम किशोर साहू ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय की जिम्मेदारी केवल प्रभारी प्रधानाध्यापक तक सीमित नहीं होती, बल्कि प्रत्येक शिक्षक-शिक्षिका का कर्तव्य है कि वे सहयोग और समर्पण की भावना के साथ विद्यालय को आगे बढ़ाएँ। उन्होंने सभी से अपेक्षा जताई कि विद्यालय के उन्नयन और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
नवप्रभारी शिक्षिका मेरी सिसिलिया हेमरोम ने प्रभार ग्रहण करने के बाद अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यदि सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन समिति का सहयोग मिलेगा तो वे विद्यालय के संचालन और विकास को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने में सफल होंगी।
प्रभार सुपुर्दगी के इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष ममता कुमारी, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी रहा।



