Hazaribagh: हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र में कोल इंडिया लिमिटेड की आउटसोर्सिंग कंपनी RKS CPL के व्यू पॉइंट परिसर में 24 मई 2025 को हुई आगजनी का मामला सुलझा लिया गया है। अपराधियों ने इस घटना में छह वाहनों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में इमदाद रजा (21), सचिन कुमार (24), अफसर वारिस (21), छोटन कुमार (22), साहिल रजा (18), गणेश यादव (20) और सुनील कुमार दास (29) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि यह पूर्व नियोजित घटना थी। उनका उद्देश्य सीसीएल के कामकाज में बाधा डालना और लेवी वसूलना था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से छह जिंदा गोलियां, तीन चाकू, सात टीपीसीओ पर्चे, एक बलेरो नियो वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए। गुप्त सूचना के आधार पर रात में विशेष अभियान चलाकर यह गिरफ्तारी की गई।
प्रशासन ने क्षेत्र की सभी आउटसोर्सिंग कंपनियों को सलाह दी है कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। कंपनियों को अपने कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने और किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने का निर्देश दिया गया है।



