Chatra: टंडवा थाना क्षेत्र की खधैया नदी में रविवार शाम आई अचानक बाढ़ में बहे युवक का शव तीन दिन बाद बरामद हुआ। मृतक की पहचान 42 वर्षीय संजू दास, निवासी बालूमाथ, के रूप में हुई है। वह अपने ससुराल खधैया आया हुआ था।
बाइक बचाने के चक्कर में हादसा
रविवार को संजू अपने साले चांदो दास के साथ खधैया नदी पुल के नीचे मोटरसाइकिल धो रहा था। इसी दौरान नदी में अचानक पानी का स्तर तेजी से बढ़ा और तेज बहाव में बाइक बहने लगी। बाइक को बचाने के प्रयास में दोनों जीजा-साला नदी की धार में बह गए।
एक को तुरंत बचाया गया

सूचना मिलते ही ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और खोजबीन शुरू की। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर चांदो दास बेहोशी की हालत में मिला और उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
तीन दिन बाद मिला शव
तीन दिन की तलाश के बाद मंगलवार सुबह ग्रामीणों को घटना स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर खैल्हा नदी में शव दिखा। शव को बाहर निकालने के बाद उसकी पहचान संजू दास के रूप में हुई।
गमगीन माहौल
घटना के बाद से संजू के परिवार और ससुराल में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग इस हादसे को लेकर बेहद दुखी हैं।



