Dhanbad : जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के तिलैयाटांड़ गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सुरजी देवी ने अपने पति सुरेश हांसदा की हत्या कर शव को घर के एक कमरे में गाड़ दिया। सुरेश 24 अगस्त से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश में लगे थे।
सुरजी देवी ने इस दौरान ग्रामीणों से कई बार कहा कि पति काम पर गया है या पूजा में शामिल होने बाहर गया है। इसी बीच सुरेश की चाची का निधन हुआ, लेकिन अंतिम संस्कार में भी सुरेश के अनुपस्थित रहने से ग्रामीणों और परिजनों को शक हुआ।
ग्रामीणों ने घर के बंद कमरे का ताला खोलने के लिए कई बार कहा, लेकिन सुरजी देवी ने इनकार कर दिया। संदेह बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़ा गया, तो मिट्टी खुदी हुई और उसके ऊपर चबूतरा बना हुआ मिला। तेज दुर्गंध आने पर खुदाई की गई, जिसमें सुरेश का शव बरामद हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, सुरजी देवी कई सालों से पति की हत्या की साजिश रच रही थी। घटना की रात उसने सुरेश की आंखों में फेवीक्विक डालकर कुल्हाड़ी से वार किया और हत्या कर शव को घर में ही गाड़ दिया। इसके बाद वह बच्चों के साथ घर के दूसरे कमरे में रहने लगी।
पुलिस पूछताछ में सुरजी देवी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि कमरे में खुदी मिट्टी पुख्ता सबूत के रूप में मिली है।
सुरेश हांसदा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के परिवार में 13 वर्षीय बेटा और 6 वर्षीय बेटी है। घटना का पता चलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर थाने ले जाकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।



