टेक डेस्क।
Apple ने अपने बहुप्रतीक्षित इवेंट की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह इवेंट 9 सितंबर 2025 को आयोजित होगा, जहां कंपनी अपनी नई iPhone 17 सीरीज़ पेश करेगी। इस लाइनअप में iPhone 17, iPhone 17 Air, iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max शामिल होंगे। लॉन्च से पहले ही iPhone 17 Pro और iPhone 16 Pro की तुलना शुरू हो चुकी है।
डिज़ाइन में बड़ा बदलाव
iPhone 17 Pro में इस बार खास डिज़ाइन अपग्रेड देखने को मिलेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके रियर पैनल पर किनारे से किनारे तक फैला कैमरा आइलैंड दिया जाएगा। इसमें तीन कैमरा सेंसर होंगे, जिनकी पोजिशनिंग iPhone 16 Pro जैसी ही होगी। वहीं iPhone 16 Pro स्क्वायर-शेप कैमरा मॉड्यूल और क्लीन बैक पैनल के साथ आता है।
कैमरा अपग्रेड
iPhone 17 Pro का कैमरा सिस्टम पिछले मॉडल से कहीं ज्यादा एडवांस होगा। इसमें 48MP प्राइमरी सेंसर, 48MP अल्ट्रा-वाइड लेंस और 48MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस शामिल होंगे। इसके अलावा, इसमें 24MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। जबकि iPhone 16 Pro में 48MP प्राइमरी, 48MP अल्ट्रा-वाइड और 12MP टेलीफोटो लेंस मिलता है, साथ ही 12MP का फ्रंट कैमरा है।
स्पेसिफिकेशन्स और परफॉर्मेंस
iPhone 17 Pro में 6.3-इंच ProMotion डिस्प्ले और 120Hz रिफ्रेश रेट मिलेगा। यह नया फोन iOS 26 पर चलेगा और इसमें Apple A19 Pro चिपसेट के साथ 12GB RAM दिए जाने की उम्मीद है। बैटरी भी अपग्रेड होगी जिससे ज्यादा बैकअप मिलेगा।
इसके मुकाबले iPhone 16 Pro में 6.3-इंच LTPO Super Retina XDR OLED डिस्प्ले है जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसमें Apple A18 Pro प्रोसेसर और 8GB RAM मौजूद है। बैकअप के लिए 3582mAh बैटरी दी गई है जो 25W MagSafe वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करती है।
लॉन्च का इंतजार
iPhone 17 Pro के एडवांस फीचर्स को देखते हुए माना जा रहा है कि यह डिवाइस iPhone 16 Pro से कई गुना आगे होगा। खासकर कैमरा, प्रोसेसर और बैटरी अपग्रेड इसे पावरफुल बनाएंगे। अब सभी की निगाहें 9 सितंबर को होने वाले Apple इवेंट पर टिकी हैं, जहां इन मॉडलों से पर्दा उठेगा।



