खूंटी। झारखंड सरकार की ओर से बुजुर्गों के सहारे के लिए चलाई जा रही वृद्धा पेंशन योजना जरूरतमंदों के लिए जीवन का सहारा साबित हो रही है। लेकिन खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के ग्राम घाघरा निवासी 65 वर्षीय सुखराम जोगी अब तक इस योजना से वंचित हैं।
सुखराम जोगी, पिता बुदनू जोगी, बीते कई महीनों से योजना का लाभ उठाने के लिए संबंधित कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। उम्रदराज होने के कारण अब वे मजदूरी करने में सक्षम नहीं हैं। पेंशन की उम्मीद में वे बार-बार आवेदन और अनुरोध कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें पेंशन सूची में शामिल नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुखराम जैसे गरीब और जरूरतमंद बुजुर्गों को पेंशन न मिलना प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। पेंशन मिलने से न केवल उनका जीवनयापन आसान होगा, बल्कि वे दूसरों पर बोझ बनने से भी बच सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि इस मामले पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और पात्र बुजुर्ग सुखराम जोगी को शीघ्र ही वृद्धा पेंशन योजना से जोड़ा जाए।



