Breaking News

धनबाद में बीसीसीएल कर्मी को गोली, केबल चोरी के दौरान विरोध करने पर हमला; पुलिस जांच में जुटी

Dhanbad : धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने बीसीसीएल के एक कर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना एनएच-32 के किनारे स्थित बीसीसीएल के समरसेबल पंप के पास हुई, जो थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात लगभग 1 से 1:30 बजे के बीच करीब छह की संख्या में अपराधी पंप परिसर में केबल चोरी की कोशिश कर रहे थे। उसी दौरान रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे पंप ऑपरेटर उमेश रविदास ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जो उनके दाहिने पैर में लगकर आर-पार हो गई।

गोली चलने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कर्मी ने किसी तरह अपने साथी को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सेंट्रल हॉस्पिटल धनबाद रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है।

इस बीच बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो भी मौके पर पहुंचे और घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि थाना के पास इस तरह की वारदात होना गंभीर बात है और यह क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी पंप स्थल पर पहले भी केबल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। लगातार हो रही घटनाओं से कर्मचारियों में भय का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post