Khunti: कर्रा प्रखंड के मेहा गांव में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रानी महुकल (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रानी महुकल मछली पकड़ने के लिए गई थीं। इसी दौरान मौसम खराब होने लगा, जिसके बाद वह घर लौट रही थीं। लौटने के क्रम में मेहा बगीचा के पास अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्रा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



