Khunti: जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तपकरा-बरदा मार्ग पर मंगलवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच हुआ। बताया जाता है कि बरदा निवासी अनुज गुड़िया अपनी बाइक से जा रहे थे, जबकि दूसरी ओर से डिम्बुकेल निवासी विसेंट गुड़िया स्कूटी से आ रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक अनुज गुड़िया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल स्कूटी चालक विसेंट गुड़िया को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तत्काल रेफरल अस्पताल, तोरपा पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। चिकित्सकों द्वारा दोनों को मृत घोषित किए जाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए रेफरल अस्पताल, तोरपा में रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और स्कूटी दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



