Dhanbad : धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बंद होने को लेकर बड़ा विवाद भड़क उठा, जो बाद में हिंसा और फायरिंग तक पहुंच गया। बहियारडीह और जोगीडीह गांवों में पानी की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जोड़िया से आने वाली खदान के पानी की सप्लाई कई दिनों से बाधित है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पानी नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा था।
सोमवार को स्थिति उस समय बिगड़ गई जब फिर से पानी की आपूर्ति नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीण सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के साथ-साथ फायरिंग की भी घटना सामने आई। इस दौरान करीब पांच से छह लोग घायल हो गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
![]()
आक्रोशित भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस पर भी हमला कर दिया और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। ग्रामीणों ने अवैध खनन के कारण पानी का बहाव प्रभावित होने का आरोप लगाया है।
एसडीपीओ बाघमारा अजीत कुमार विमल ने बताया कि पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद हिंसा भड़की। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें अवैध उत्खनन और फायरिंग की घटनाएं भी शामिल हैं।



