Khunti: भाजपा जिला कार्यालय खूंटी में आज जिलाध्यक्ष आनंद कुमार की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा तथा तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा उपस्थित रहे।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
अपने संबोधन में अर्जुन मुंडा ने कहा कि खूंटी जिले की अर्थव्यवस्था का आधार कृषि है। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए भाजपा कार्यकर्ता कृषि वैज्ञानिकों के सहयोग से प्रशिक्षण एवं जागरूकता सेमिनार आयोजित करें। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीज, तकनीकी जानकारी और बाजार से बेहतर जुड़ाव के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के दस वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान चलाकर सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष कैलाश राम, जगन्नाथ मुंडा, संतोष त्रिपाठी, जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, गोपाल स्वर्णकार, कंचन सिंह, अनूप साहू, सुबोध कुमार, आशिष कुमार, विजय राम, मुचीराय मुंडा, ज्ञान रंजन सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



