Khunti: तोरपा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कर्रा प्रखंड की छह पंचायतों की संयुक्त बैठक झामुमो प्रखंड सचिव विनोद उरांव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बूथ समिति एवं पंचायत कमेटियों की समीक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में पेयजल, बिजली तथा अन्य जनसमस्याओं पर चर्चा की गई। 
पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को बैठक में रखा। झामुमो पदाधिकारियों ने कहा कि सभी मुद्दों से जल्द ही तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया को अवगत कराया जाएगा, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
बैठक में तोरपा विधानसभा को एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए विधायक सुदीप गुड़िया के प्रति ग्रामीणों ने आभार जताया। बताया गया कि बक्सपुर पंचायत में रखी गई एंबुलेंस का संचालन ग्रामीणों की सुविधा और आपातकालीन सेवा को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
साथ ही पंचायत कमेटियों को पेंशन, मंईयां सम्मान योजना सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और उनके क्रियान्वयन पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में राहुल केशरी, बीजू सोनी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, पंचायत पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।



