Breaking News

गुटुहातु में शिक्षा का नया अध्याय: करोड़ों की लागत से बनेगा 50 कमरों का छात्रावास, सांसद और विधायक ने किया शिलान्यास

Khunti: आदिवासी एवं वंचित बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड अंतर्गत गुटुहातु में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय परिसर में करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले 50 कमरों के अत्याधुनिक छात्रावास भवन का शिलान्यास खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा एवं खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा ने संयुक्त रूप से किया।

यह छात्रावास विशेष रूप से उन आदिवासी बच्चों के लिए वरदान साबित होगा जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिनके माता-पिता नहीं हैं, अथवा एकल अभिभावक के सहारे जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवास और बेहतर भविष्य का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दी गई है।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संवेदक एवं विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर योजना से संबंधित विस्तृत सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिसमें योजना की लागत, कार्य अवधि, संबंधित अभियंताओं, कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं संवेदक के मोबाइल नंबर अंकित हों, ताकि ग्रामीण आवश्यकता पड़ने पर सीधे संपर्क कर सकें। सांसद ने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस महत्वपूर्ण योजना में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि यह केवल भवन निर्माण का कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र के गरीब और जरूरतमंद बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप होना चाहिए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित एजेंसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को जल्द से जल्द इसका लाभ मिलना चाहिए।

विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और सामाजिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड सरकार लगातार ऐसे निर्णय ले रही है, जिससे गरीब, आदिवासी और वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिल सकें। गुटुहातु में बनने वाला यह छात्रावास इसी सोच और प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

ग्रामीणों ने भी इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि छात्रावास बनने से क्षेत्र के अनेक जरूरतमंद बच्चों को लाभ मिलेगा और उन्हें शिक्षा प्राप्त करने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, जिला परिषद सदस्य दयामनी मुंडू, जेएमएम जिला उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, विधायक प्रतिनिधि डिक्शन पूर्ति, स्थानीय मुखिया सुरजू हस्सा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्र प्रभात मुंडा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं विद्यालय से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post