Pakur : जिले की पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के बड़ा चटकम गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की गुत्थी सुलझ गई।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने रविवार को बताया कि 28 मई को सिमलौंग आउटपोस्ट पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ा चटकम गांव के समीप जंगल में एक सड़ा-गला शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। बाद में शव की पहचान सुनील पहाड़िया (35) के रूप में हुई, जो गोड्डा जिले के राजाभिटा गांव का रहने वाला था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर जालिया पहाड़िया और धर्मा पहाड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि मृतक सुनील पहाड़िया ने एक महिला के प्रति अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने सुनील पहाड़िया पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद शव को घने जंगल में फेंक दिया गया ताकि पहचान और जांच में कठिनाई हो।
जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर को भी बरामद कर लिया है। बरामद साक्ष्य को वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया है।
एसपी ने बताया कि एसआईटी टीम में पुलिस निरीक्षक बाबूराम भगत, पुलिस अवर निरीक्षक बलवंत दुबे, दिलीप बास्की, मुन्ना प्रसाद तथा सहायक अवर निरीक्षक मृत्युंजय कुमार पाठक शामिल थे। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



