Khunti : खूंटी जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। Khunti के कर्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में 18 मई को हरमन होरो पर हुए जानलेवा हमले के पीछे सुपारी देकर हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता और शूटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले का खुलासा करते हुए Rishabh Garg ने प्रेस वार्ता में बताया कि पदमपुर गांव निवासी हरमन होरो का लंबे समय से राहुल मुंडा उर्फ नंदू के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दुश्मनी के कारण राहुल मुंडा ने हरमन होरो की हत्या कराने के लिए अपराधियों को 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी।
पुलिस के अनुसार, सुपारी की रकम में से 20 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि इससे पहले भी हरमन होरो की हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन अपराधी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए Vijay Kumar Singh के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल मुंडा और शूटर रमेश तिर्की उर्फ रवि को गिरफ्तार किया। रमेश तिर्की रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पदमपुर जंगल से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की। हथियार बरामदगी को लेकर कर्रा थाना में अलग से मामला भी दर्ज किया गया है।
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि बरामद हथियारों पर बने निशानों से यह आशंका है कि इन्हें बनाने वाला कारीगर एक ही हो सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले में People’s Liberation Front of India (PLFI) से सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।
एसपी ने यह भी कहा कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी मिनी गन फैक्ट्री की सूचना नहीं मिली है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर नजर बनाए हुए है।
पुलिस ने बताया कि गोलीकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। इस अभियान में कर्रा थाना पुलिस और रिजर्व गार्ड के जवानों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


