Jamtara : झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी Shambhu Kumar Singh ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
एसपी ने बताया कि साइबर थाना प्रभारी Rajesh Mandal के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मट्टांड़ गांव में छापेमारी की। यहां विष्णु मंडल के घर से दो आरोपियों को साइबर ठगी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सियाटॉड और झिलुवा जंगल क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया।
इसके अलावा नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियां गांव में किशोर दास के घर पर छापेमारी कर दो अन्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु मंडल, सचिन मंडल, सागर नायक, किशोर दास और विश्वजीत दास के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और वे लंबे समय से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे। इसके बाद वे लोगों से बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर फोनपे और गूगल पे के जरिए रकम उड़ा लेते थे।
इतना ही नहीं आरोपी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर भी लोगों को ठगते थे। वे बिजली बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काटने की धमकी देकर लोगों से ऑनलाइन भुगतान करवाते थे। पुलिस ने इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 29/26 और 30/26 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सागर नायक और किशोर दास पहले भी साइबर अपराध के मामलों में आरोप पत्रित रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।



