Breaking News

पलामू डीसी का छत्तरपुर प्रखंड और अंचल कार्यालय में औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों और पदाधिकारियों को जारी हुआ शोकॉज नोटिस

Palamu : पलामू जिले में प्रशासनिक कार्यों की निगरानी को लेकर उपायुक्त Dilip Pratap Singh Shekhawat ने छत्तरपुर प्रखंड और अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों की कार्यप्रणाली, योजनाओं की प्रगति और अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान कई पदाधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा और शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई पंचायतों में अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जियोटैग का कार्य लंबित है। इस पर डीसी ने संबंधित पंचायत सचिवों से जवाब तलब किया।

अबुआ आवास योजना के तहत जियोटैग लंबित पाए जाने पर हुटुकदाग और मड़वा पंचायत के पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में प्लिंथ जियोटैग लंबित रहने पर खोड़ही, पिंडराही और बगैया पंचायत के पंचायत सचिवों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा मनरेगा के कार्यों में लापरवाही को लेकर बीपीओ से भी जवाब मांगा गया है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय पहुंचे आम लोगों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं। इस क्रम में एक दिव्यांग व्यक्ति को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई, जिससे वह काफी भावुक नजर आया। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

कार्यालय परिसर में निरीक्षण के दौरान एक 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति को कार्यालय तक पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। यह देखकर उपायुक्त खुद आगे आए और बुजुर्ग की सहायता करते हुए उन्हें कार्यालय तक लेकर गए। इसके बाद उन्होंने उनकी समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उपायुक्त के इस व्यवहार की लोगों ने सराहना की।

डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बिना किसी उचित कारण के आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के समय छत्तरपुर के अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी आंगनबाड़ी सेविका चयन को लेकर आयोजित आमसभा में शामिल होने गए थे। इसके बावजूद उपायुक्त ने सभी विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post