Breaking News

12 दिन से लापता रांची की बच्ची अदिति: गेतलसूद डैम तक फैला सर्च, ₹50 हजार इनाम के बावजूद नहीं मिला सुराग

Ranchi : रांची के कोकर इलाके से 9 मई को लापता हुई बच्ची अदिति का मामला लगातार गहराता जा रहा है। 12 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस और जांच एजेंसियों के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पुलिस ने बच्ची का पता बताने वाले के लिए ₹50,000 का इनाम भी घोषित किया था, लेकिन अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना के बाद से ही रांची पुलिस ने कई स्तरों पर जांच शुरू की। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध एंगल से भी पड़ताल की गई, लेकिन अब तक किसी भी कैमरे में ऐसा दृश्य नहीं मिला जिससे बच्ची तक पहुंचा जा सके। परिवार भी लगातार थाना जाकर पुलिस के साथ फुटेज और अन्य सबूतों की जांच में जुटा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को भी सर्च अभियान में लगाया गया था। टीम ने नाले और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। लगातार प्रयासों के बावजूद बच्ची का कोई सुराग न मिलने के बाद एनडीआरएफ ने फिलहाल अपना अभियान रोक दिया है।

अदिति के परिजनों का कहना है कि बच्ची कभी भी नाले की ओर नहीं जाती थी, इसलिए उन्हें आशंका है कि यह सिर्फ गुमशुदगी का मामला नहीं, बल्कि अपहरण हो सकता है। परिवार लगातार पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग कर रहा है। स्थानीय लोग भी बच्ची की जल्द बरामदगी को लेकर चिंता जता रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, बच्ची के लापता होने के बाद लगातार बारिश हुई थी, जिससे नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। जांच एजेंसियां इस संभावना को भी देख रही हैं कि बच्ची बहकर आगे किसी बड़े जलस्रोत तक पहुंची हो सकती है। नाले का पानी स्वर्णरेखा नदी में मिलता है, जो आगे गेतलसूद डैम तक जाता है।

इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब गेतलसूद डैम क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। योजना के तहत नाले से लेकर डैम तक पूरे जलमार्ग की जांच की जाएगी ताकि किसी भी संभावित सुराग को छोड़ा न जाए।

लगातार 12 दिनों से कोई सुराग न मिलने के कारण इलाके में चिंता और बेचैनी बढ़ गई है। स्थानीय लोग बच्ची की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है और जल्द ही मामले में कोई अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post