Khunti: मुरहू स्थित श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर में शुक्रवार को विश्व परिवार दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को परिवार के महत्व, उसकी भूमिका और जीवन में उसकी आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
संस्थान के निदेशक सकलदीप भगत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कई बार लोग यह सोचते हैं कि यदि वे घर और परिवार की जिम्मेदारियों से मुक्त हो जाएं तो जीवन में जल्दी सफलता प्राप्त कर लेंगे, लेकिन वास्तविकता इससे अलग है। परिवार ही व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा और शक्ति देता है।
उन्होंने कहा कि परिवार के बिना इंसान का अस्तित्व अधूरा है। परिवार ही हर सुख-दुख में निस्वार्थ भाव से एक-दूसरे का साथ देता है और समाज को एकसूत्र में बांधे रखने का कार्य करता है। उन्होंने कई प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से छात्रों को पारिवारिक मूल्यों और आपसी संबंधों की अहमियत समझाई।कार्यक्रम में शिक्षक जेवियर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



