Khunti: जिले में व्याप्त पेयजल एवं बिजली की समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी खूंटी जिला द्वारा मंगलवार 12 मई को आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में जिला कमेटी द्वारा सूचना जारी कर पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
जारी सूचना के अनुसार आक्रोश प्रदर्शन कचहरी मैदान से प्रारंभ होकर उपायुक्त कार्यालय तक निकाला जाएगा। प्रदर्शन के उपरांत उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले में गहराते पेयजल संकट एवं लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
भाजपा जिला कमेटी ने कहा है कि वर्तमान समय में जिले के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है तथा बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।
भाजपा जिला कमेटी ने पार्टी के सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों, बूथ एवं शक्ति केंद्र के अध्यक्षों, संयोजकों, सह-संयोजकों तथा वरिष्ठ एवं ज्येष्ठ कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वे सुबह 10:30 बजे तक कचहरी मैदान पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि यह आक्रोश प्रदर्शन जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है, ताकि “गहरी निद्रा में सोई सरकार” को जगाया जा सके और आम लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।



