Breaking News

खूंटी पुलिस का बड़ा एक्शन: डोडा से लदा यूपी नंबर का ट्रक जब्त, चार तस्कर फरार

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले में अवैध नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नवनियुक्त एसपी ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रनिया थाना पुलिस ने भारी मात्रा में डोडा (अफीम अवशेष) से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक समेत चार तस्कर अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस अब उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

यह कार्रवाई रनिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के पास खूंटी-कोलेबिरा स्टेट हाईवे-3 पर की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध डोडा की खेप राज्य से बाहर भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुम्भकार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और देर रात से ही हाईवे पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।

अहले सुबह करीब तीन बजे पुलिस को यूपी नंबर का एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली तो ट्रक के भीतर मवेशियों के चारा और चोकर के बोरे के नीचे भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बड़ी चालाकी से नशीले पदार्थ को चारे की बोरियों के नीचे छिपाया था।

पुलिस जैसे ही कार्रवाई में जुटी, ट्रक में सवार चालक समेत चारों तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास के इलाके की घेराबंदी की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग निकले। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

मामले पर जानकारी देते हुए तोरपा डीएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि पुलिस को पहले से ही अंतरराज्यीय डोडा तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर हाईवे पर विशेष निगरानी और वाहन जांच अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान पकड़े गए ट्रक में अवैध डोडा की बड़ी खेप बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि ट्रक उत्तर प्रदेश नंबर का है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका मजबूत हो गई है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि डोडा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस राज्य में पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बरामद डोडा की कुल मात्रा का आकलन किया जा रहा है और इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खूंटी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी, उग्रवाद और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। एसपी ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है और हाल के दिनों में कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post