Dhanbad: धनबाद के वासेपुर इलाके में शुक्रवार को पुलिस ने फरार अपराधी प्रिंस खान के घर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और न्यायालय के आदेश के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस टीम ने घर के बाहर मुनादी कर अदालत के आदेश की जानकारी दी और इसके बाद संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया शुरू की। इलाके में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जो पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, धमकी और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। अदालत में लगातार पेश नहीं होने और फरार रहने के कारण धनबाद कोर्ट ने उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था।
पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान देश से बाहर बैठकर अपने गैंग का संचालन कर रहा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह पाकिस्तान में छिपा हुआ है और वहीं से अपने नेटवर्क के जरिए धनबाद समेत आसपास के इलाकों में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा है। पुलिस का कहना है कि वह लगातार रंगदारी और धमकी की घटनाओं को अंजाम दिलाने की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी पुलिस ने उसके कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा। अब पुलिस ने उसके आर्थिक नेटवर्क और संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है, ताकि गैंग की गतिविधियों को कमजोर किया जा सके।
धनबाद पुलिस ने साफ किया है कि प्रिंस खान गैंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अब उसके करीबी सहयोगियों, शूटरों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। हाल के दिनों में गैंग से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।
हाल ही में प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ मेजर को पुलिस ने रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान उसने गैंग के नेटवर्क और कई संदिग्ध संपर्कों को लेकर अहम खुलासे किए हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब कुछ सफेदपोश लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिनके गैंग से संबंध होने की आशंका जताई जा रही है।


