Breaking News

महंगाई के विरोध में खूंटी समाहरणालय के समक्ष JMM का विराट धरना-प्रदर्शन

Khunti: पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार को झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा राज्यव्यापी आंदोलन चलाया गया। इसी कड़ी में झामुमो खूंटी जिला कमिटी की ओर से समाहरणालय खूंटी के समक्ष एक दिवसीय विराट धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भागीदारी देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों एवं बढ़ती महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

धरना-प्रदर्शन में झामुमो जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, जिला सचिव सुशील पाहन, केंद्रीय सदस्य मकसूद अंसारी, बिरेन कुंडलना सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया था। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ता महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करते नजर आए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो खूंटी जिला कमिटी के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि आज देश की आम जनता पेट्रोल, डीजल और LPG गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों का जीवन कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है और सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि मई 2025 से मई 2026 के बीच कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में लगातार कई बार बढ़ोतरी की गई। 1 फरवरी 2026 को 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में ₹49 की वृद्धि की गई। इसके बाद 7 मार्च 2026 को फिर ₹114.50 की बढ़ोतरी की गई, जबकि उसी दिन घरेलू 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत में भी ₹60 बढ़ा दिए गए।

उन्होंने आगे कहा कि 1 अप्रैल 2026 को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में अलग-अलग शहरों में ₹196 से लेकर ₹218 तक की भारी वृद्धि की गई। इसके बाद 1 मई 2026 को फिर कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में ₹993 तक की बढ़ोतरी कर दी गई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार केवल तीन महीनों के भीतर कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कुल लगभग ₹1374 की वृद्धि हुई, जो करीब 81 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी मानी जा रही है। वर्तमान में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग ₹3071.50 तक पहुंच चुकी है।

जुबैर अहमद ने कहा कि घरेलू LPG सिलेंडर पर आखिरी बार 7 मार्च 2026 को ₹60 बढ़ाए गए थे और मई 2026 तक 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹913 पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि सरकार उज्ज्वला योजना का प्रचार तो करती है, लेकिन आज गरीब परिवार महंगे गैस सिलेंडर के कारण फिर से लकड़ी और कोयले का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं।

धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिसके कारण खाद्य सामग्री समेत रोजमर्रा की सभी वस्तुओं के दाम बढ़ते जा रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों, होटल संचालकों, ढाबा व्यवसायियों, चाय दुकानदारों एवं निम्न आय वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार को आम जनता की परेशानियों को समझते हुए पेट्रोल, डीजल एवं LPG गैस पर लगाए गए टैक्स में कटौती करनी चाहिए ताकि लोगों को महंगाई से राहत मिल सके। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मूल्य वृद्धि पर रोक नहीं लगाई गई तो झामुमो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post