Jamtara: झारखंड के जामताड़ा शहर में स्थित कोर्ट मोड़ पर आदिवासी समाज के महानायक बिरसा मुंडा की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की घटना सामने आने से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है। असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा से तीर-धनुष तोड़ दिए जाने की घटना बुधवार रात की बताई जा रही है।

गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौके पर जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। लोगों ने इसे समाज की भावनाओं पर सीधा हमला बताया।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई। मौके पर एसडीओ अनंत कुमार और एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी सहित पुलिस टीम पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय आदिवासी नेता महादेव सोरेन ने कहा कि बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के सम्मान और गौरव के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना पूरे समाज की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि स्थानीय संगठनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



