Ranchi: झारखंड में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा आज राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने जा रहा है। राजधानी रांची में पार्टी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय के समक्ष धरना देंगे और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
झामुमो के रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने बताया कि छोटे गैस सिलेंडर और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी ने गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे कारोबारियों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर डाला है। उनका कहना है कि होटल, ढाबा, ठेला और छोटे रेस्टोरेंट चलाने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
पार्टी की ओर से यह धरना गुरुवार सुबह 11:30 बजे से जिला मुख्यालय के सामने स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी, जिला और महानगर समिति के सदस्य, प्रखंड स्तर के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
झामुमो नेताओं का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई वृद्धि आम जनता के साथ अन्याय है। पार्टी के अनुसार छोटे सिलेंडरों के दाम में ₹261 और कमर्शियल सिलेंडर में लगभग ₹993 की बढ़ोतरी ने आम लोगों की रसोई और छोटे व्यवसाय दोनों पर भारी बोझ डाल दिया है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं और आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि गरीबों की थाली और चूल्हे पर सबसे बड़ा असर महंगाई का पड़ा है।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि आम लोगों को पर्याप्त उपलब्धता भी नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि महंगाई के खिलाफ यह आंदोलन केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो आने वाले दिनों में भी सड़क पर उतरकर जनता के मुद्दों को उठाता रहेगा और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का विरोध जारी रखेगा।


