Latehar: झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित नक्सली संगठन JJMP के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मनिका थाना क्षेत्र के कुरूमखेता जंगल में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान लातेहार निवासी महादेव सिंह और पलामू जिले के पांकी निवासी मनोज लोहरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक AK-47 राइफल, दो एसएलआर राइफल और 318 जिंदा गोलियां बरामद की हैं, जो किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती हैं।
इस कार्रवाई की शुरुआत एक गुप्त सूचना के आधार पर हुई। कुमार गौरव को जानकारी मिली थी कि इलाके में नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद उनके निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
ऑपरेशन का नेतृत्व मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास और यकीन अंसारी ने किया। पुलिस टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों नक्सलियों को दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने संगठन से जुड़े होने की बात स्वीकार की है।
एसपी कुमार गौरव ने बताया कि नक्सली लेवी और रंगदारी वसूली की योजना बना रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि नक्सलवाद छोड़कर आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार की ओर से पुनर्वास और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। लेकिन जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता अपनाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि कुछ वर्षों पहले तक लातेहार और आसपास के इलाकों में JJMP का प्रभाव था, लेकिन लगातार पुलिस अभियानों के चलते संगठन कमजोर पड़ गया था। हाल के दिनों में कुछ तत्व फिर से संगठन को सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।


