Ranchi : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में एक शिव मंदिर के शिवलिंग के खंडित पाए जाने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी रविवार सुबह सामने आई। ग्रामीणों ने मंदिर में स्थित शिवलिंग को खंडित अवस्था में देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में नाराजगी फैल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
![]()
घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।
कांके थाना प्रभारी कुणाल ने बताया कि मंदिर में प्राकृतिक शिवलिंग स्थापित था और उसके खंडित होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।



