Dhanbad: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अचानक हुए भू-धंसान से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते करीब आधा दर्जन घर जमीन में समा गए। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद एक महिला और मीडियाकर्मी बाल-बाल बच गए।
भू-धंसान इतना तेज था कि घरों में रखा सामान और एक मोटरसाइकिल भी जमीन के अंदर समा गई। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में लगातार हो रही बारिश के बीच अचानक जमीन धंसने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची। बाघमारा अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि भू-धंसान की वजह से छह मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बीसीसीएल अधिकारियों से बातचीत के बाद परिवारों को बेलगड़िया पुनर्वास कॉलोनी में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है।
बारिश के मौसम में भू-धंसान की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने बीसीसीएल को विशेष तैयारी रखने का निर्देश दिया है। अंचलाधिकारी के अनुसार, सभी क्षेत्रों में 20-20 क्वार्टर चिन्हित करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना होने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
हादसे में बची एक पीड़ित महिला ने बताया कि वह घर में काम कर रही थी, तभी अचानक बिजली कड़कने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद परिवार के लोग शोर मचाते हुए घर से बाहर निकले। कुछ ही देर में उनका घर जमीन में समा गया।
कतरास क्षेत्र में लगातार सामने आ रही भू-धंसान की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों को अब अपने घर और जान-माल की सुरक्षा का डर सता रहा है। प्रशासन और बीसीसीएल के सामने प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास के साथ-साथ इलाके में भू-धंसान के खतरे से निपटने की बड़ी चुनौती है।
