Breaking News

लोहरदगा में दोस्त ने की दोस्त की निर्मम हत्या, शव के टुकड़े कर फेंके; पुलिस ने 7 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा


Lohardaga : झारखंड के लोहरदगा जिले में दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के ओयना टोंगरी स्थित बंद पड़े पत्थर खदान से बरामद क्षत-विक्षत शव की गुत्थी पुलिस ने महज सात घंटे में सुलझा ली। पुलिस ने इस मामले में मृतक के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने नशे के दौरान हुए विवाद में उसकी हत्या कर शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए थे।

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि 7 जुलाई की दोपहर ओयना टोंगरी स्थित पानी से भरे बंद पत्थर खदान में एक बोरे में शव होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे से एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद किया, जिसका सिर और दोनों पैर शरीर से अलग थे। शव की पहचान के लिए फोटो जारी किए गए, जिसके बाद मृतक की पहचान न्यू आजाद बस्ती निवासी 22 वर्षीय हुसैन अंसारी के रूप में हुई।

मृतक के पिता मिकायल मीर के बयान पर सदर थाना में हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सूचना संग्रह और लगातार छापेमारी के आधार पर पुलिस ने सात घंटे के भीतर दो आरोपियों—अरमान खान और मोहम्मद सहवाज अहमद उर्फ राज—को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि 4 जुलाई की रात सहवाज के घर पर तीनों दोस्त एक साथ नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हुसैन अंसारी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने की नीयत से हेक्सा ब्लेड से शव के कई टुकड़े किए गए।

आरोपियों ने सिर और दोनों पैरों को एक बोरे में भरकर ओयना टोंगरी स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों को जंगल और झाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव के शेष अंग भी बरामद कर लिए। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया हेक्सा ब्लेड और शव ले जाने में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पूरे हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी विस्तृत जांच जारी है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post