Seraikela-Kharsawan: जिला प्रशासन ने गुरुवार को अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए ईचागढ़ और चौका थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न बालू घाटों का औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सोड़ो, जारागोडीह और वीरडीह बालू घाटों के विभिन्न जीआर (GR) स्थलों से लगभग 38,100 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया। इसके बाद चौका थाना क्षेत्र के चांदुडीह में छापेमारी कर 10,200 घनफीट अवैध बालू बरामद किया गया। इस तरह अभियान में कुल 48,300 घनफीट अवैध बालू जब्त किया गया।

अभियान के दौरान चौका-पातकुम मार्ग पर वाहन संख्या JH05CA6325 को बिना वैध परिवहन चालान के पत्थर खनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। प्रशासन ने वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए चौका थाना के सुपुर्द कर दिया।
जिला प्रशासन ने बताया कि जब्त किए गए अवैध बालू के निस्तारण के लिए नियमानुसार ई-ऑक्शन (ऑनलाइन नीलामी) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन का निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान लगातार चलता रहेगा।



