Breaking News

खूंटी डबल मर्डर केस का खुलासा: पत्नी की निगरानी की जिम्मेदारी बनी हत्या की वजह, प्रेमी जोड़े की टांगी से की गई थी निर्मम हत्या

Khunti : झारखंड के खूंटी जिले में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। साइको थाना क्षेत्र के मारहाबुरू पहाड़ से बरामद प्रेमी जोड़े के शव मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे दोस्त पर पत्नी की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपने और कथित लापरवाही को लेकर उपजा गुस्सा मुख्य कारण बना।

खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 17-18 मई की रात जिउरी बड़ा टोला निवासी 17 वर्षीय विशु पाहन और 17 वर्षीय सुमी मुंडू साइको गांव में आयोजित छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने पहुंचे थे। इसी दौरान मेला स्थल से करीब 300 मीटर दूर दोनों की धारदार टांगी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शवों को मारहाबुरू पहाड़ की झाड़ियों में छिपा दिया गया था ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी की हाल ही में शादी हुई थी। वह काम के सिलसिले में बाहर जाता था और उसने अपने दोस्त विशु पाहन को अपनी पत्नी का ध्यान रखने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसी दौरान आरोपी की पत्नी का किसी अन्य युवक के साथ संबंध हो गया। आरोपी को शक था कि विशु को इस बारे में जानकारी थी, लेकिन उसने उसे कुछ नहीं बताया।

इसी शक और नाराजगी के चलते आरोपी ने मेले में पहुंचे विशु पाहन पर टांगी से हमला कर दिया। जब उसके साथ मौजूद सुमी मुंडू ने विशु को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर शवों को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले गोमेया सोय और बुधराम सोय को भी पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी, खून से सने कपड़े और घटनास्थल से संबंधित अन्य सबूत बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की थी, लेकिन जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिससे पूरा मामला खुल गया।

फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं। इस दोहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post