Khunti: पुलिस विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद अधिकारियों के बीच पदभार ग्रहण और हस्तांतरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। इसी क्रम में खूंटी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में मंगल सिंह जामुदा ने 21 मई को ही स्वतः प्रभार संभाल लिया था। 
सोमवार को खूंटी के निवर्तमान एसडीपीओ वरुण रजक खूंटी पहुंचे, जहां वर्तमान एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों की उपस्थिति में विभागीय नियमों एवं औपचारिकताओं का पालन करते हुए विधिवत रूप से सभी प्रशासनिक कार्यभार का हस्तांतरण किया गया।
कार्यभार सौंपने की प्रक्रिया के दौरान लंबित मामलों, विधि-व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं, प्रशासनिक दायित्वों तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जानकारी साझा की गई। इस दौरान कार्यालय के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि वरुण रजक का तबादला गोड्डा जिला के महगामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पद पर किया गया है, जहां उन्होंने अपना नया कार्यभार संभाल लिया है। वहीं मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में अब खूंटी अनुमंडल की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संचालित होगी।
पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक मजबूती और बेहतर कार्य संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



