Jamtara : जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना पुलिस ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एपीके फाइल के जरिए ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें एक बंद पड़े स्कूल से चल रहे साइबर ठगी के नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुनि सह साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के दखनीडीह गांव स्थित एक बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय में छापेमारी की, जहां आरोपी लंबे समय से साइबर ठगी का संचालन कर रहे थे। मौके से तीन अपराधियों को ठगी करते हुए गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिरगा गांव निवासी राजेश मंडल, अजय मंडल और हीरालाल मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से आठ मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह संगठित तरीके से देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को निशाना बनाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी व्हाट्सएप के जरिए लोगों को “एलपीजी गैस” नाम की एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता था, उसके मोबाइल में मौजूद संवेदनशील जानकारी तक अपराधियों की पहुंच बन जाती थी। इसके बाद ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों से खाते से पैसे निकाल लिए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह पूरा गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और स्कूल भवन को अड्डे की तरह इस्तेमाल कर रहा था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है और अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 26/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी दल में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और साइबर थाना की टीम शामिल रही, जिन्होंने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।



