Breaking News

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़, 1 करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

Chaibasa : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब कोबरा 209 बटालियन के जवान घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन 1 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा की तलाश में चलाया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाकों में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे रूटुगुटू के घने जंगलों में अचानक माओवादियों से सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।

मुठभेड़ के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही, जिससे पूरा जंगल क्षेत्र तनावपूर्ण बना रहा। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है ताकि माओवादियों को भागने का कोई मौका न मिल सके।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ इलाके में कार्रवाई कर रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में माओवादी गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी देखी गई है। कुछ समय पहले गोइलकेरा इलाके में एक पूर्व माओवादी की हत्या के बाद संकेत मिले थे कि संगठन के सदस्य सारंडा क्षेत्र से निकलकर कोल्हान और आसपास के इलाकों में सक्रिय हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि माओवादी संगठन मिसिर बेसरा के नेतृत्व में इस इलाके में अपनी गतिविधियां फिर से बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। इसी इनपुट के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया था, जो अब मुठभेड़ में बदल गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही इस इलाके में बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए थे, लेकिन ताजा मुठभेड़ से यह साफ हो गया है कि जंगल क्षेत्रों में माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच टकराव अभी भी जारी है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post