Khunti: तोरपा प्रखंड के तपकरा पंचायत अंतर्गत अम्बाटोली गांव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रखंड कमिटी की एक महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, मतदाता सूची की शुद्धता और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य एजेंडा बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की नियुक्ति और उनके कार्यों की स्पष्ट रूपरेखा तय करना रहा। नेताओं ने बताया कि झामुमो द्वारा नियुक्त किए जा रहे बीएलए, भारत निर्वाचन आयोग के अधीन कार्यरत बीएलओ (Booth Level Officer) के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर काम करेंगे। उनका प्रमुख दायित्व यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे और कोई भी योग्य व्यक्ति सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
बैठक में एसआईआर (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, दस्तावेजों की जांच करने और लोगों को उनके मतदान अधिकार के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आगामी जनगणना को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ और इसे संगठनात्मक मजबूती के अवसर के रूप में देखने की बात कही गई। 
प्रखंड अध्यक्ष रुबेन तोपनो की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में केंद्रीय सदस्य अमृत हेमरोम, जिला सह सचिव मोजीर अंसारी, रोशनी गुड़िया, पुष्पा गुड़िया, जिला किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुकुमार, जुनूल गुड़िया, जिंदन आईंद समेत बड़ी संख्या में प्रखंड कमिटी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सशक्त संगठन और शुद्ध मतदाता सूची ही लोकतंत्र की नींव है, और झामुमो इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।



