Breaking News

वोटर लिस्ट पर ‘वार’ की तैयारी! BLA-2 नियुक्ति में जुटी JMM, केंद्र पर गंभीर आरोप

Khunti: झारखंड की सियासत में मतदाता सूची को लेकर घमासान तेज हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की नियुक्ति को लेकर जिलेभर में अभियान छेड़ दिया है। अलग-अलग प्रखंडों में लगातार बैठकों का दौर जारी है, जहां कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है कि वे हर हाल में सही मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ें और किसी भी तरह की ‘संदिग्ध कटौती’ पर नजर रखें। इसी कड़ी में आज खूंटी जिला के मुरहू प्रखण्ड क्षेत्र अंतर्गत डुडरी में एक बैठक की गई।

“वोटर लिस्ट से नाम गायब करने की साजिश”

बैठकों में JMM नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर मतदाता सूची से छेड़छाड़ कराई जा रही है। नेताओं ने दावा किया कि हाल ही में बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर लाखों मतदाताओं के नाम हटाए गए, जिनमें अधिकांश विपक्षी विचारधारा से जुड़े लोग थे।

JMM का कहना है कि इसी ‘मॉडल’ को झारखंड में लागू करने की तैयारी है, जिसे विफल करने के लिए पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी रणनीति तेज कर दी है।

जुबैर अहमद का हमला—“हमें खुद बनना होगा पहरेदार”

जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए साफ कहा कि अब भरोसा केवल सिस्टम पर नहीं, बल्कि अपने संगठन की ताकत पर करना होगा।

“अगर हम खुद जागरूक नहीं होंगे, तो हमारे लोगों का नाम चुपचाप वोटर लिस्ट से गायब कर दिया जाएगा। चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है, इसलिए हर बूथ पर हमें अपने BLA तैनात करने होंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि वोटर लिस्ट से नाम कटना केवल मतदान का अधिकार छिनना नहीं है, बल्कि यह आम लोगों को सरकारी योजनाओं से भी दूर कर सकता है—चाहे वह राशन हो, इलाज हो या छात्रवृत्ति।

“आरक्षण और अधिकार भी खतरे में”

जुबैर अहमद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर यह सिलसिला नहीं रुका, तो इसका असर आरक्षण व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

“जब आपके नाम ही सरकारी रिकॉर्ड में नहीं होंगे, तो आपका हक भी खत्म हो जाएगा,” उन्होंने कहा।

सुशील पाहन का सीधा आरोप—“एजेंडे के तहत हो रही छंटनी”

केंद्रीय सदस्य सह जिला सचिव सुशील पाहन ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि SIR प्रक्रिया के नाम पर एक खास एजेंडे के तहत मतदाताओं को हटाया जा रहा है।

बिहार में लाखों नाम हटाए गए, अब वही खेल यहां दोहराने की तैयारी है। हमें हर बूथ पर सतर्क रहना होगा—नए मतदाताओं को जोड़ना है, फर्जी को हटाना है और अपने लोगों का नाम बचाना है।

बूथ स्तर पर ‘माइक्रो मैनेजमेंट’

JMM की रणनीति साफ है—हर बूथ पर मजबूत पकड़।

नए वोटरों का नाम जोड़ना

शादी के बाद स्थानांतरित मतदाताओं का अपडेट

मृतकों के नाम हटाना

और संदिग्ध नामों की पहचान

इन सभी जिम्मेदारियों के लिए BLA-2 को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि BLO के साथ मिलकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके।

“धर्म-जाति से ऊपर उठकर लड़ाई”

बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के जातीय या धार्मिक विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट रहें।

“यह लड़ाई अधिकार और अस्तित्व की है,” नेताओं ने कहा।

बैठक में दिखी बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम का संचालन मुंडरी जी ने किया। बैठक में स्नेहलता कंडुलना, सुशांति कोनगाड़ी, मकसूद अंसारी, अमरनाथ मुंडा, शंकर सिंह मुंडा, सनिका बोदरा, प्रकाश नाग मुंडा, कमलेश महतो, विमल पाहन, सुखराम सरूकद, अर्चना नाग, अनिल कच्छप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post