Khunti: मुरहू थाना क्षेत्र के डेहकेला गांव में 25 अप्रैल की रात हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का खूंटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात अफीम की खरीद-बिक्री से जुड़े पैसों के विवाद का नतीजा थी। इस घटना में एक युवक को गोली मार दी गई थी, जो गंभीर रूप से घायल हो गया था।
आज पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि डेहकेला निवासी केदार अहीर के घर में घुसकर हथियारबंद अपराधियों ने पहले मारपीट की और फिर उनके बेटे रूसू अहीर को जांघ में गोली मार दी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घायल युवक को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। 
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुरहू थाना में कांड संख्या- 37/26 दर्ज करते हुए अपराधियों के खिलाफ जांच प्रक्रिया शुरू की गई थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि केदार अहीर और आरोपियों के बीच पहले से ही पैसों का विवाद चल रहा था। आरोपी बकाया राशि की मांग को लेकर घर पहुंचे थे, जहां विवाद बढ़ने पर गोली चला दी गई।
प्राथमिक जांच में करीब डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन की बात सामने आई है, जो अफीम के कारोबार से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, पुलिस इस एंगल की भी गहराई से जांच कर रही है। 
मामले में शुरुआत में 10 लोगों की संलिप्तता सामने आई थी, लेकिन गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद दो और लोगों के नाम जुड़ गए। इस तरह अब तक कुल 12 आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से दो आरोपियों—खुदीराम ओड़िया (ग्राम पंगुरा) और जोहन मुंडू (ग्राम सोमवार बाजार, मुरहू)—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जोहन मुंडू ने ही गोली चलाई थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, फायर किया हुआ गोली का खोखा तथा घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की है। 
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध कारोबार और अपराध पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।



