Khunti: मुरहू थाना क्षेत्र के डहकेला गांव में शनिवार रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में एक युवक को जांघ में गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे चार से पांच बाइक पर सवार करीब दस की संख्या में अपराधी डहकेला गांव स्थित रूसू अहीर के घर पहुंचे। उस समय रूसू अहीर अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के बाहर बैठा हुआ था। अपराधियों के पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
हंगामा बढ़ता देख आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों को शक हुआ कि बाइक सवार लोग बदमाश हैं, जिसके बाद उन्होंने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। खुद को घिरता देख अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस दौरान चली एक गोली रूसू अहीर की जांघ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकांश अपराधी वहां से फरार हो गए। हालांकि, ग्रामीणों ने एक आरोपी खुदी राम ओड़िया (ग्राम पंगुरा, थाना मुरहू) को पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद उसे बांधकर रखा। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
घायल रूसू अहीर को पहले मुरहू स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल खूंटी रेफर किया गया। वहां भी स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रांची स्थित रिम्स भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस संबंध में खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पहले से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार रात आरोपी हथियार के साथ पैसे की मांग को लेकर पहुंचे थे, जहां विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और इसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
पिछले छह महीनों में लगातार गोलीबारी की घटनाएं
अगर पिछले छह महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में लगभग हर महीने गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं।
22 दिसंबर 2025: कर्रा थाना क्षेत्र के गुयु गांव में कांग्रेस के एक युवा नेता की गोली मारकर हत्या
7 जनवरी 2026: चर्चित आदिवासी नेता सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या, राज्यव्यापी असर
मुरहू थाना क्षेत्र के बगमा-मारंग टोली मार्ग पर एक व्यक्ति को पैर में गोली मारी गई
तोरपा थाना क्षेत्र के डोड़मा में क्रेशर प्लांट पर फायरिंग
6 मार्च: कर्रा थाना क्षेत्र के तिमडा में पिता-पुत्र पर गोलीबारी, सुकरा महतो की मौत
25 अप्रैल: डहकेला में युवक को गोली मारकर घायल किया गया और इस प्रकार से पिछले छः महीने के भीतर लगभग हर माह एक गोलीकांड हुई है।



