Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पंडरा क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि यह वारदात संजय सेठ के आवास के पास वाली गली में हुई। घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय मंत्री खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घायल युवक की पहचान भार्गव सिंह के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की जरूरत थी, ऐसे में मंत्री संजय सेठ ने पहल करते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनवाया और अपने सुरक्षाकर्मियों की मदद से उसे तेजी से इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक पास के एक हनुमान मंदिर से पूजा कर लौट रहा था। जैसे ही वह प्रसाद लेकर वापस मुड़ा, एक नकाबपोश अपराधी ने पीछे से उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घायल युवक भार्गव सिंह ने बयान में बताया कि रातू इलाके में स्थित जमीन विवाद को लेकर विजय नामक व्यक्ति ने उस पर हमला करवाया है। पुलिस इस बयान के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
इस घटना के बाद संजय सेठ ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।


