Breaking News

झारखंड भाजपा में बड़े फेरबदल की तैयारी, सात मोर्चे और पांच प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की जल्द घोषणा संभव

Ranchi: झारखंड भाजपा जल्द ही अपने संगठन में बड़े फेरबदल करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने केंद्रीय नेतृत्व से सहमति लेने के बाद सात मोर्चों और पांच प्रकोष्ठों के अध्यक्षों की नई टीम के नामों की सूची लेकर दिल्ली का दौरा किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार अगले सात दिनों के भीतर इन अध्यक्षों की आधिकारिक घोषणा की संभावना है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की यह पहल संगठन को मजबूत करने और विभिन्न मोर्चों तथा प्रकोष्ठों में कार्यकुशल नेताओं को शामिल करने के मकसद से की जा रही है। केंद्रीय नेतृत्व ने नई टीम के गठन की प्रक्रिया को पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि राज्य में पार्टी कार्यकर्ता और संगठनात्मक ढांचा दोनों सशक्त बने।

सूत्रों का कहना है कि महिला मोर्चा और युवा मोर्चा अध्यक्ष के नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा हुई है। ओबीसी मोर्चा के लिए भी ऐसे नेता का चयन किया जाएगा, जिनकी पिछड़े समुदाय में व्यापक पकड़ हो। पिछले दो कार्यकाल से ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष रहे अमरदीप यादव को इस बार मुख्य कमेटी में प्रदेश मंत्री के रूप में शामिल किया गया है।

मुख्य कमेटी में कई बड़े नाम शामिल नहीं हो पाए हैं। इसके लिए पार्टी ने मोर्चा और प्रकोष्ठ के अलावा जिला प्रभारी पदों पर भी नए नेताओं को शामिल करने की योजना बनाई है। इसके साथ ही प्रशिक्षण प्रमुख और मीडिया प्रभारी जैसे पदों पर नए चेहरों को लाने की तैयारी भी चल रही है।

पार्टी में आदिवासी समाज से आने वाली आरती कुजूर की वापसी की संभावना है। उन्हें महिला मोर्चा या जनजातीय मोर्चा की जिम्मेदारी दी जा सकती है। युवा मोर्चा में शशांक राज को दोबारा मौका मिल सकता है, जबकि ओबीसी मोर्चा के लिए वैश्य समुदाय से कोई नेता पार्टी में शामिल किया जा सकता है। संताल परगना के प्रतिनिधित्व के लिए पूर्व विधायक अमित मंडल की भूमिका भी पार्टी बढ़ा सकती है।

पिछली कमेटी के दौरान काम करने वाले राकेश भास्कर, सुरेश साव और रमेश सिंह जैसे नेताओं को अब भी संगठन से जोड़ने की योजना है। इन्हें मोर्चा या प्रभारी पद देकर संगठन में सक्रिय रखा जाएगा, ताकि अनुभव और दक्षता का लाभ पार्टी को मिल सके।

भाजपा का यह बड़ा फेरबदल राज्य संगठन को मजबूत बनाने, विभिन्न समुदायों और युवा नेताओं को शामिल करने तथा आगामी चुनावी तैयारियों में पार्टी को सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जल्द होने वाली घोषणा से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post