Khunti: जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत कातुद गांव में डायन बताकर भतीजों द्वारा किए गए हमले में घायल चाची सीनी पहनाइन की इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई, जबकि चाचा विया पाहन का इलाज खूंटी के सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना मंगलवार रात की है, जब विया पाहन और उनकी पत्नी सीनी पहनाइन अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनके भतीजे कुंवर पाहन और हंगीरा पाहन घर में घुस आए और दोनों पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घटना के पीछे अंधविश्वास को कारण बताया जा रहा है। घायल विया पाहन के अनुसार, उनके बड़े भाई की पत्नी अक्सर बीमार रहती थी, जिसके लिए परिवार वाले सीनी पहनाइन को डायन ठहराते थे। इसी बात को लेकर मंगलवार दिन में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सीनी पहनाइन की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें देर रात रांची के रिम्स रेफर कर दिया, जहां गुरुवार अपराह्न करीब चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।सीइधर, घटना की सूचना पुलिस को देर से मिली, जिसके बाद जांच शुरु की गई। हालांकि अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



