Dhanbad: धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र के मुनीडीह इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें सिलेंडर ब्लास्ट के चलते तीन युवकों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कथित रूप से अवैध लोहा कटिंग के दौरान घटी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और पूरी घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
हादसे में जिन युवकों की मौत हुई, उनमें आनंद कुमार, संजय यादव और अजहरुद्दीन शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, विस्फोट की चपेट में आने से तीनों की घटनास्थल पर या इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं, घायलों में एमडी इमामुद्दीन की स्थिति गंभीर है और उन्हें रिम्स रेफर किया गया। एक अन्य घायल इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया।
मृतक आनंद कुमार की मां कंचन देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को मुख्तार अंसारी नामक व्यक्ति घर से बुलाकर बीसीसीएल क्षेत्र में अवैध लोहा कटिंग के काम में लगा दिया था। उन्होंने कहा कि भोले-भाले युवकों को पैसों का लालच देकर रात में यह खतरनाक काम करवाया जाता है, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ।
संजय यादव की मां मंजू देवी ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 11 बजे घर से निकला था और जल्द लौटने का वादा किया था। लेकिन देर रात वह गंभीर हालत में घर पहुंचा और बताया कि गैस सिलेंडर से जल गया है। अस्पताल ले जाते समय उसकी हालत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अजहरुद्दीन का शव अभी अस्पताल के वार्ड में रखा गया है, जबकि आनंद और संजय यादव के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखे गए हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए रिम्स भेजा गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीसीसीएल क्षेत्र में लोहा कटिंग का अवैध काम लंबे समय से चलता आ रहा है और इसमें कई बार हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि घटना के संबंध में सीआईएसएफ की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विस्फोट के कारणों और ज़िम्मेदार व्यक्तियों की पहचान करने में लगी हुई है।


