IPL 2026: आईपीएल 2026 का सीजन जहां नए खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका लेकर आया है, वहीं कुछ दिग्गज खिलाड़ियों के करियर के लिए यह आखिरी पड़ाव भी साबित हो सकता है। हर साल की तरह इस बार भी फैंस की नजरें उन खिलाड़ियों पर टिकी हैं, जिनका इस लीग में योगदान बेहद खास रहा है और जो अब अपने करियर के अंतिम दौर में हैं।
सबसे बड़ा नाम एमएस धोनी का है, जिनको लेकर पिछले कई सीजन से रिटायरमेंट की अटकलें लगती रही हैं। करीब 45 साल की उम्र में भी धोनी आईपीएल में सक्रिय हैं और अब तक 278 मैच खेल चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स में कप्तानी बदलाव के बाद माना जा रहा है कि उनका मिशन पूरा हो चुका है, जिससे यह सीजन उनका आखिरी हो सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क भी इस सूची में शामिल हैं। स्टार्क पहले ही टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और अब उनका फोकस वनडे क्रिकेट पर ज्यादा है। आगामी बड़े टूर्नामेंट्स को ध्यान में रखते हुए वे आईपीएल से दूरी बना सकते हैं।
भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा का करियर भी अब ढलान पर नजर आ रहा है। 37 साल के इशांत आईपीएल के पहले सीजन से जुड़े रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में उनका प्रदर्शन और खेलने के मौके दोनों सीमित हो गए हैं, जिससे यह सीजन उनके लिए आखिरी हो सकता है।
आईपीएल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज मनीष पांडे भी अब अपने करियर के अंतिम चरण में हैं। पिछले कुछ सीजन में वे अलग-अलग टीमों का हिस्सा रहे हैं, लेकिन लगातार प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। ऐसे में 36 साल की उम्र में उनका आईपीएल सफर यहीं खत्म हो सकता है।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के दिग्गज ऑलराउंडर सुनील नरेन के लिए भी यह सीजन निर्णायक साबित हो सकता है। 37 साल के नरेन के प्रदर्शन पर टीम की रणनीति निर्भर करेगी। अगर इस सीजन में वे गेंद और बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ पाए, तो उनका आईपीएल करियर भी यहीं समाप्त हो सकता है।
कुल मिलाकर आईपीएल 2026 सिर्फ नए सितारों के उभरने का मंच नहीं होगा, बल्कि कई दिग्गजों को विदाई देने वाला भावुक सीजन भी बन सकता है।



