Ranchi: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विधानसभा में हिंदू देवी-देवताओं और पर्वों पर दिए गए बयान को आपत्तिजनक बताया है। उन्होंने कहा कि सोरेन ने सनातन संस्कृति और पूजा विधियों का मजाक उड़ाया, जो सत्ता और तुष्टिकरण की राजनीति का परिणाम है।
रांची में गुरुवार को प्रेस वक्तव्य में आदित्य साहू ने कहा कि भारत सदियों से साधु-संतों, मठ-मंदिरों और यज्ञ-हवन पूजा विधानों का देश रहा है। बावजूद इसके, कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने आज सत्ता में रहते हुए हिंदू मान्यताओं का उपहास उड़ाने का रास्ता अपनाया है। साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राहुल गांधी के नक्शे कदम पर चल रहे हैं और उनकी बयानबाज़ी हिन्दू देवी-देवताओं और पूजा विधियों का उपहास करने वाली रही।
साहू ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ समय-समय पर पूजा-पाठ करते हैं, लेकिन वोट बैंक और सत्ता की लालच ने उन्हें दोहरा चरित्र वाला नेता बना दिया है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो मुख्यमंत्री अन्य धर्मों की मान्यताओं और पूजा पद्धतियों को अपमानित करके देखें।
भाजपा नेताओं ने बजट सत्र के अंतिम दिन हेमंत सोरेन के बयान को मुद्दा बनाते हुए झामुमो और राज्य सरकार पर आक्रामक रुख अपनाया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य भाजपा नेता भी इस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं, जेएएम समर्थक इसे राजनीतिक विवाद न मानते हुए हेमंत सरकार के विकास कार्यों की सराहना कर रहे हैं।



