Khunti: खूंटी नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए हुए नगरपालिका (आम) निर्वाचन में वार्ड संख्या-8 के पार्षद शशांक शेखर विजयी घोषित किए गए। उन्होंने अपने एकमात्र प्रतिद्वंद्वी वार्ड संख्या-3 के पार्षद दिनेश कुमार महतो को स्पष्ट अंतर से पराजित किया। इस चुनाव में शशांक शेखर को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि दिनेश कुमार महतो को 6 मतों से संतोष करना पड़ा। 
उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से आयोजित की गई। मतदान कार्य का संचालन निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की देखरेख में निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत किया गया।
इस चुनाव में नगर पंचायत के कुल 19 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी 19 मत वैध पाए गए और एक भी मत निरस्त नहीं हुआ, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता स्पष्ट रूप से सामने आई।
मतगणना के बाद घोषित परिणाम में शशांक शेखर ने बहुमत हासिल करते हुए उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होते ही निर्वाची पदाधिकारी द्वारा उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टुटी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जीत के बाद जश्न में डूबा शहर
विजय की घोषणा के साथ ही शशांक शेखर के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। समाहरणालय परिसर के पास से ही समर्थकों ने जुलूस निकालना शुरू किया, जो पूरे शहर में घूमता रहा। इस दौरान बम-पटाखे फोड़े गए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक जमकर नाचे-गाए।
समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और “जीत की बधाई” के नारों से माहौल गूंज उठा। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर जश्न का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, कोषांग के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही, जिससे मतदान से लेकर परिणाम और उसके बाद तक की सभी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकीं।



